जब जब मुरझाये बसंत में गुलमोहर के फूल,
जब जब बरखा छल करें, उड़े मार्गों पर धुल,
जब बसंत में ग्रीष्म का आभास परिलक्षित हो,
जब मार्गों में छाँव की पहुँच थोड़ी सीमित हो,
तब मेरी संध्या को शीतल करने
चाँद तुम आना मेरे अंगना…
वेदनाएं जब चरमरा जाएँ,
होंठ सूखे हों और अश्रु आ जाएँ,
जब सुने से कोने में बैठ के दुःख का अंत हो,
जब मेरे ह्रदय में वेदना प्रचंड हो,
तुम प्रेम रूपी किरणों से, मेरे मन पर आघात न पहुँचाना,
अपितु उसे वैद्य बन के धीरे चुपके से सहलाना,
और मेरे मन का भ्रम वैसे ही रहने देना,
मैं रोऊँ तो रोने दो, पर ज्यादा कुछ न कहने देना,
तुम मेरे सहचर बनने को,
मुझसे कुछ सुनने कहने को,
धीरे से रूप बदल,
चाँद तुम आना मेरे अंगना…
शहंशाह गुप्ता"विराट"
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें