थिरकते नन्हे पैरों पर बंधे काले जूतों के डोरे,
कंधे पर खुशिया थामे नन्हे बस्ते….
रास्तों के गड्ढों को पैरों से छू छलकाना..
और रास्तों का काटना हंसते-हंसते...
वो बचपन हुआ करता था.....
उड़ती तितिलियाँ जब हमे उड़ा ले जाती,
घास पर किसी कोने में बैठ कर इठलाती,
जब सायकल के निकले टायर की रेस हुआ करती...
वो बचपन हुआ करता था....
जब कंचों का, गेंदों का,खेल हुआ करता था...
जब करेंसी भी अपना पेंसिल हुआ करता था...
जब ऊँचे-ऊँचे टीलों से पानी पर पत्थर उछलाया करते थे...
जब बारिश के नालों में हम नाव बहाया करते थे....
जब झगड़ो और लड़ाई की कोई बात समझ नहीं आती थी...
जब गोद में छुपा कर दादी कहानी बताया करती थी....
जब छोटी से बातें भी खुश कर जाया करती थी...
और थोड़ी सी डांट से ही आँखें भर आया करती थी...
वो बचपन हुआ करता था....
जब पापा की दुलार का हिसाब नहीं लगाया जाता था...
जब आधी चॉकलेट दे कर के रूठों को मनाया जाता था....
जब गुस्सा खुद की दिखाने को हम चादर में छुप जाते थे....
जब माँ का आंचल पकड़ के हम उनकी गोद में सो जाते थे....
जब प्यारी सी मुस्कान से ही हम दोस्त बनाया करते थे...
जब भैया की जूठी चेविंग गम बंटाया करते थे....
जब दीदी की अमरुद को छीन के हम खा जाते थे...
भैया की साइकिल पर जब दौड़ के हम चढ़ जाते थे....
जब गर्मी के मौसम में छुट्टी मनाई जाती थी....
जब बगल की बागों से आम चुराई जाती थी...
जब दौड़ भाग करने को ही खेल बुलाया जाता था....
मम्मी के लाख चिल्लाने पर भी, बारिश में नहाया जाता था....
वो बचपन हुआ करता था...
जब किसी की बात भी खुद पर एक दुनिया सी लगती थी....
जब कोई पुतली भी प्यारी गुडिया सी लगती थी...
जब गुड्डे गुडियों की शादी का खूब तमाशा होता था...
जब दीवाली का मतलब पटाखे और बताशा
होता था...
जब होली हफ्ते भर पहले ही आ जाती थी...
वो बचपन हुआ करता था.....
जब एक कोने में दिल के ये सोच उठाता हूँ...
चुप चाप ये समझ जाता हूँ, अब बड़े होने की कोई बात नहीं...
बस ये समझ में नहीं आता....
ये बदलापन क्यों है? क्यों बचपन वाली सौगात नहीं..??