कितना छुपूं, इन अलमारियों के पीछे के अंधेरों में, थक जाता हूँ जब शाम होती है,
सलाह के बाजुओं पर जब मैं कंधे रखता हूँ, चिरमिराती महँगाइयों से आंखें भर आती हैं,
मैं छिपे नज़रों से उनका बदन नोंचता हूँ,
इस उम्मीद में कई सौ के नोट का कलर कभी गहरा हो, उसकी बंडलों जितना,
और उसके रंगों का मोटापन मेरे आशाओं के पतले चादर के ऊपर थोड़ा सा फैले,
ताकि मेरे गरीबी में ठंड से सुलगते बदन को,
थोड़ी की गर्मी की राहत मिले,
सन्नाटे की चीरती आवाज़ उसके गले मे फंस जाती है कभी कभी,
शायद मेरे मजबूरी के चीखने से थोड़ा सहम जाती है,
मैं लिखता हूँ पढता हूँ कई पन्ने अपने लिखी कहानियों के,
फिर फाड़ के फेंक डालता हूँ,
क्यों कि हुनर अब पैसो तले दबा सा दिखता है,
जब मैं पन्नो के ओट में से अलमारी के नीचे छुपे अंधेरे में बातों का दीपक जला रौशनी करता हूँ,
शायद अब बातों का बनाना और खुले का नहाना दोनों करना होगा,
चन्द लोग घूरेंगे, मेरे फटते कपड़े और चरमराई सी देह पर तरस खाते,
पर विचारों की कमजोरी का उससे क्या लेना देना,
बस उस अलमारी के अंधेरे कोने में डरा सा दुबका सा मैं,
अपने अंतिम संस्कार के लिए अपनी अस्थियां त्याग रहा होऊंगा,
अर्थ और स्वार्थ मेरे डरते छिपते देह से सुख चुके होंगे,
और भावनाओं का पिंड दान करने मेरे रिश्तेदार अपने हाथों से भात के गोले बना रहे होंगे।।
शहंशाह गुप्ता "विराट"
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें